केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज वीडियो कॉंफ्रेंस के माध्यम से राजस्थान में एक हजार तीन सौ सत्तावन करोड़ रूपये लागत वाली नौ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण किया और कई की आधारशिला रखी।
नितिन गडकरी ने बताया कि सीआरआईएफ के तहत राजस्थान के लिए नौ सौ करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है और केन्द्र सरकार ने सेतुबंधन योजना के लिए सात सौ करोड रुपये की मंजूरी दी है। नितिन गडकरी ने बताया कि श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर और बाडमेर जिलों में सड़कों की मरम्मत का काम भी शुरू किया जाएगा।
नितिन गडकरी ने जानकारी दी कि बाडमेर से लगे बालोतरा में दो हार्बर का निर्माण किया जाएगा। इस पर करीब चार सौ करोड़ रुपये की लागत आएगी। जोधपुर में 12 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटिड सड़क मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इससे यातायात को सुगम बनाने और जाम से राहत दिलाने में मदद मिलेगी। जोधपुर रिंग रोड़ के लिए 14 सौ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और यह कार्य इसी वर्ष पूरा होने की संभावना है। राजस्थान में चालीस नये पुल बनाने का काम जारी है और 17 का कार्य प्रगति पर है। दिल्ली और जयपुर के बीच नया एक्सप्रेसवे इस वर्ष दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। इससे दिल्ली से जयपुर का सफर दो घंटे में संपन्न हो जाएगा।
आज जिन परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया, उनमें श्रीगंगानगर से रायसिंहनगर तक 753 करोड़ रुपये की दो लेन वाली सड़क का निर्माण, श्रीगंगानगर, श्रीकरणपुर, गजसिंहपुर और रायसिंहनगर में बाईपास का निर्माण शामिल है। इसके अलावा बीकानेर -सूरतगढ़ खण्ड पर राष्ट्रीय राजमार्ग-62 को जोड़ने वाले चार लेन के फ्लाईओवर और सड़क का निर्माण और जालौर-सिरोही संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में दो सौ 47 करोड़ रुपये लागत की चार परियोजनाएं भी शामिल हैा।