रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि निजी-सरकारी भागीदारी से रक्षा उत्पादन में क्रांति लाई जा सकती है। राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चर्स की सालाना बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए सशस्त्र सेनाओं का तेजी से आधुनिकीकरण सुनिश्चित करने के लिए एकजुटता का माहौल बनाया है। उन्होंने कहा कि दुनियाभर के देश अपनी सेनाओं का आधुनिकीकरण कर रहे हैं और सीमा विवाद, समुद्री आधिपत्य तथा सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए सैन्य उपकरणों की मांग तेजी से बढी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय कंपनियां कम लागत में आधुनिक हथियार बनाने में सक्षम हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय रक्षा उद्योग अत्याधुनिक, उच्च गुणवत्तायुक्त और कम लागत वाले हथियारों का उत्पादन कर सकता है जिससे ना केवल राष्ट्रीय सुरक्षा को बल मिलेगा बल्कि भारत हथियारों का निर्यातक देश भी बनेगा। उन्होंने दोहराया कि सरकार का ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ का संकल्प पिछले अनुभवों, मौजूदा स्थितियों और भविष्य की जरूरतों पर आधारित है।