देश के कई राज्‍यों में कोविड दिशा निर्देशों के साथ आज से विद्यालय खुल गए

देश के कई राज्‍यों में कोविड दिशा निर्देशों के साथ आज से विद्यालय खुल गए हैं। मध्‍यप्रदेश में पहली से पांचवी तथा झारखंड में कक्षा छह से ऊपर के सभी सरकारी, प्राइवेट और सरकारी सहायता प्राप्‍त विद्यालयों में कक्षाएं प्रारम्‍भ हो गई हैं।

असम में सभी कोविड नियमों का पालन करते हुए आज से स्कूलों में दसवीं की कक्षाएं फिर से शुरू हो गईं। लगभग साढ़े चार महीनों के बाद विद्यार्थी स्कूल आए। कक्षाएं शुरू करने से पहले कमरों को सैनेटाइज किया गया। इस महीने की छह तारीख से 12वीं और डिग्री पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष की कक्षाएं चार महीनों के अंतराल के बाद शुरू की गई थी। राज्य में कोविड स्थिति की समीक्षा के बाद में अन्य कक्षाओं को शुरू करने का फैसला किया जाएगा।

राजस्थान में छठी से 8वीं कक्षा तक के स्कूल पांच महीने बाद 50 प्रतिशत क्षमता के साथ फिर से खुल गए हैं। स्कूलों के सभी शिक्षकों के लिए टीकाकरण अनिवार्य कर दिया गया है। बच्चों को घर से खाना और पीने का पानी लाने की सलाह दी गई है। प्रदेश में आज से कोविड संबंधी नये दिशा-निर्देश लागू हो गये हैं। 27 सितंबर से पहली से पांचवीं तक के स्कूल खोले जाएंगे। छात्रों और स्कूल स्टाफ को लाने और ले जाने के लिए बस, ऑटो तथा कैब भी शुरू हो गये हैं। छात्रों को स्कूल आने के लिए अपने अभिभावकों से लिखित अनुमति लेना जरूरी है। आज से शादी समारोह तथा अन्य आयोजन में 200 लोगों के शामिल होने की अनुमति होगी। इसके अलावा राज्य में योग केन्द्र, जिम, पशु हाट मेले और स्वीमिंग पूल भी शुरू हो गये हैं। पूरे प्रदेश में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू जारी रहेगा।

Related posts

Leave a Comment