दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और गुजरात पर चक्रवात बिपरजॉय का असर बना बना हुआ है। इसकी वजह से दक्षिणी राजस्थान में आज तेज वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तरी गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी आज तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है।
इस बीच, चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के असर से राजस्थान के कई जिलों में लगातार तेज बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य के कई जिलों में तेज वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा का रेड़ अलर्ट भी जारी किया है।
जालौर, बाडमेर, सिरोही और पाली जिलों में कई स्थानों पर पिछले 48 घंटे में 300 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गयी है। जालोर जिला का पांचला बांध टूटने से सांचोर शहर में तीन से चार फीट पानी जमा है। सैंकड़ों पेड और बिजली के पोल टूट गये हैं जिसके कारण 500 से ज्यादा गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है। कई मार्ग अवरूद्ध हो गये हैं। प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हैं।