दक्षिण कोरिया में भीषण तूफान की आशंका को देखते हुए पूरी दुनिया से आए हजारों स्काउट्स को उनके शिविरों से सुरक्षित स्थानों तक ले जाया जा रहा है। ये स्काउट्स पिछले सप्ताह दक्षिण कोरिया के दक्षिण-पश्चिम तट स्थित बुआन में शुरू हुए वर्ल्ड स्काउट्स जेम्बोरी में भाग ले रहे थे। 37 हजार स्काउट्स को हटाने के लिए एक हजार से भी अधिक वाहनों का उपयोग किया जा रहा है।
तूफान खनून के असर से तेज हवाएं चलने और वर्षा होने का अनुमान है। पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से इस तूफान से जापान के दक्षिण-पश्चिम द्वीपों में तेज वर्षा हुई है और मकानों को नुकसान पहुंचा है। आज सुबह यह तूफान कागोशिमा से लगभग 350 किलोमीटर की दूरी पर स्थित था।
