वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एशियाई विकास बैंक (ADB) को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा है कि बैंक को सतत और सुदृढ़ क्षेत्रीय विकास के लिए परिवर्तनकारी दृष्टिकोण अपनाना होगा। उन्होंने सियोल में एशियाई विकास बैंक के बोर्ड ऑफ गर्वनर की बैठक को संबोधित करते हुए ये बात कही। निर्मला सीतारमण ने एडीबी से अनुरोध किया कि वह अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने की योजना का खुलासा करे तथा भारत जैसे मध्य आय वाली अर्थव्यवस्थाओं के लिए जलवायु वित्त की रियायती व्यवस्था पर विचार करे।
वित्त मंत्री ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था सरकार की अतिसक्रिय नीतियों और सशक्तिकरण वाले विकास के कारण मौजूदा आर्थिक अनिश्चिताओं के बावजूद मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का ध्यान बुनियादी सुविधाओं के रणनीतिक और एकीकृत विकास पर केंद्रीत है और सरकार अभूतपूर्व पूंजीगत व्यय से प्रतिस्पर्धी आर्थिक वातावरण तैयार कर रही है। वित्त मंत्री ने जलवायु वित्त पोषण तथा अन्य क्षेत्रों में एशियाई विकास बैंक के प्रयासों को भारत का समर्थन जारी रखने का भरोसा दिलाया।