ऑपरेशन कावेरी के तहत अब तक लगभग तीन हजार छह सौ भारतीयों को संकटग्रस्त सूडान से निकाला गया है। खार्तूम में भारतीय दूतावास ने ट्विटर पर बताया कि पोर्ट सूडान पहुंचने के लिए विभिन्न भागों से 67 बसों की व्यवस्था और उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की गई। भारतीय नौसेना के पांच जहाजों और वायुसेना के 16 विमानों के जरिए भारतीयों को पोर्ट सूडान से निकाला गया।
दूतावास ने बताया कि अल फाशिर में फंसे भारतीयों को निकालने का अत्यधिक कठिन कार्य संपन्न कर लिया गया है। एक हजार आठ सौ किलोमीटर से अधिक लंबी दुर्गम यात्रा के जरिए भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए विभिन्न संबंधित पक्षों के साथ समन्वय और संसाधन जुटाने का महत्वपूर्ण प्रयास सफल रहा। पश्चिमी सूडान के अल फाशिर से 80 भारतीयों को लेकर दो बसें 48 घंटे से अधिक की यात्रा के बाद पूर्वी सूडान के पोर्ट सूडान पहुंची।