उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज कठुआ में “उत्तर भारत में उभरते स्टार्टअप रुझान” पर बायोटेक स्टार्टअप एक्सपो का उद्घाटन किया। आज कठुआ में “उत्तर भारत में उभरते स्टार्टअप रुझान” पर बायोटेक स्टार्टअप एक्सपो के उद्घाटन को संबोधित करते हुए, उपराष्ट्रपति ने किसी भी राष्ट्र के विकास और प्रगति के लिए पांच मौलिक मापदंडों या ‘पंचतंत्र’ को रेखांकित किया जो हैं – शांति और स्थिरता, कानून की समानता, पारदर्शिता और उत्तरदायी शासन, योग्यता का समर्थन करने वाला पारिस्थितिकी तंत्र और महिलाओं का सशक्तिकरण, उन्होंने कहा, आज ये सभी भारत की जमीनी हकीकत हैं।
पांचवें पैरामीटर पर जोर देते हुए, उपराष्ट्रपति ने जम्मू-कश्मीर की महिलाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की ओर ध्यान आकर्षित किया, जिसमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम द्वारा प्रदत्त अधिकारों के साथ, अनुच्छेद 370 के हटने से प्राप्त संपत्ति के अधिकार भी शामिल हैं।
उपराष्ट्रपति ने कहा, अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और जम्मू-कश्मीर में सरकार द्वारा की गई सक्षम पहलों के परिणामस्वरूप “विकास पूरी तरह से पक्षपात से मुक्त हो गया है”। यह स्वीकार करते हुए कि प्रत्येक व्यक्ति को राजनीति में भाग लेने का अधिकार है, उपराष्ट्रपति ने आगाह किया कि राजनीति को प्रगति में बाधा नहीं बनने देना चाहिए।
जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश की प्रगति की सराहना करते हुए, उपराष्ट्रपति ने दुनिया के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के रूप में भारत की स्थिति का विशेष उल्लेख किया, जिसमें चीन की तुलना में अधिक संख्या में यूनिकॉर्न हैं। भारत में इंटरनेट की पहुंच की सीमा और बड़ी संख्या में डिजिटल लेनदेन पर प्रकाश डालते हुए, उपराष्ट्रपति ने देश की प्रगति के लिए एक मजबूत अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र के पोषण के महत्व पर भी जोर दिया।
