आगामी मानसून से पहले बाढ़ के पूर्वानुमान मॉडल पर भारत और नेपाल के बीच काठमांडू में बैठक हो रही है। भारत की ओर से बिहार के जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव, संतोष कुमार मल बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। यह बैठक 30 अप्रैल और पहली मई को काठमांडू में आयोजित कोसी और गंडक परियोजनाओं पर भारत-नेपाल संयुक्त समिति की दो दिवसीय बैठक के बाद हो रही है। बैठक में दोनों पक्षों ने जल प्रबंधन और अवसंरचना से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति व्यक्त की।
नेपाल ने पश्चिमी कोसी मुख्य नहर के 35 किलोमीटर लंबे नेपाली हिस्से के साथ-साथ कोसी बैराज, गंडक बैराज और पश्चिमी मुख्य नहर के कुछ हिस्सों से अतिक्रमण हटाने पर सहमति जताई है। इसके अलावा, पश्चिमी कोसी मुख्य नहर के तटबंधों पर लगे बिजली के खंभों को स्थानांतरित करने की भी मंजूरी दी गई है।
