उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद प्रधानमंत्री और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं से भेंट की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद प्रधानमंत्री और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं से भेंट की

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कल नई दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से भेंट की। वे हाल के विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद पहली बार राष्‍ट्रीय राजधानी आये थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय पर उन्हें बधाई दी। ट्वीट संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले पांच वर्ष में मुख्‍यमंत्री ने लोगों की आकांक्षाएं पूरी करने के लिए अथक प्रयास किये हैं। आने वाले वर्षों में भी वे राज्‍य को विकास की नई ऊचांईयों तक ले जाएंगे।

योगी आदित्‍यनाथ ने उपराष्‍ट्रपति एम वेंकैया नायडू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, भाजपा अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और पार्टी महासचिव बी. एल. संतोष से भी भेंट की।

अमित शाह ने योगी आदित्‍य नाथ को उत्‍तर प्रदेश में पार्टी की शानदार जीत पर बधाई दी। उन्होंने एक ट्वीट में विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि मुख्‍यमंत्री ने जिस तरह प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में निर्धनों के लिए केन्‍द्र की कल्‍याणकारी योजनायें लागू की हैं और प्रदेश में कानून व्‍यवस्‍था मजबूत की है, आगे भी वे इसी समर्पण से राज्‍य की सेवा करते रहेंगे।

403 सदस्‍यों की उत्‍तर प्रदेश विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी ने 255 सीटें जीती हैं। उसकी दो सहयोगी पार्टियां- अपना दल ने 12 और निषाद पार्टी ने छह सीटें जीती हैं।

Related posts

Leave a Comment