इज्राइल की सेना ने आज घोषणा की है कि उसने हमास के उन दो कमांडरों को मार गिराया है जो पिछले सप्ताह दक्षिणी क्षेत्र में रह रहे इज्राइली समुदाय पर घातक हमलों में शामिल थे। सेना ने बताया है कि खुफिया जानकारी के बाद इज्राइली सेना ने उनके खिलाफ कार्रवाई की और उन्हें मार गिराया।
इज्राइली सेना ने पुष्टि की है हमास आतकंवादियों ने गजा में एक सौ बीस से अधिक नागरिकों को बंधक बना रखा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जारी हमलों में इज्राइल में तेरह सौ लोगों की जानें गई है और तीन हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं। फलिस्तीनी अधिकारियों ने कहा है कि गजा पर इज्राइली बमबारी में दो हजार दो सौ से अधिक लोग मारे गए हैं।
इस बीच, इज्राइली सेना ने उत्तरी गजा में रह रहे दस लाख से अधिक लोगों से कहा है कि वे दक्षिण की ओर चले जाए। इस घोषणा के बाद बडी संख्या में लोगों का पलायन शुरू हो गया है। संयुक्त राष्ट्र संगठन के महासचिव अंतोनियो गुतेरस ने इज्राइल से आग्रह किया है कि वह इस चेतावनी पर फिर से विचार करें। उनका कहना था कि इज्राइल की यह घोषणा घातक और दुखदायी है। उन्होंने कहा है कि इसके गंभीर मानवीय परिणाम होंगे।
दूसरी ओर एक समझौते के अंतर्गत इज्राइल, विदेशियों को गजा छोडने की अनुमति देगा। मिस्र, इज्राइल और अमरीका, गजा में रह रहे विदेशियों को मिस्र जाने के लिए रफाह सीमा के इस्तेमाल की अनुमति देने पर सहमत हो गए हैं। इज्राइल इस बात पर भी सहमत है कि वह रफाह सीमा से मिस्र जाने वाले विदेशियों पर हमला नहीं करेगा।
इज्राइली अधिकारी हमास के कैश-टू-क्रिप्टो ग्लोबल फाइनेंशियल नेटवर्क को ध्वस्त करने पर भी विचार कर रहा है। इसी नेटवर्क के माध्यम से हमास को मित्र राष्ट्रों और धर्मार्थ संगठनों से धन उपलब्ध होता है।