प्रधानमंत्री के अमृत कलश यात्रा के समापन पर भारत को वर्ष 2047 तक विकसित बनाने का प्रण लेने की ख़बर सभी अख़बारों ने प्रथम पृष्ठ पर प्रकाशित की है। हिन्दुस्तान की सुर्खी है कई मुकाम पाए अब मंजिल पानी है, मिट्टी हाथ में लेकर पांच प्रण लिए। नवभारत टाइम्स लिखता है- अमृत कलश में देश की मिट्टी- पीएम ने तिलक भी लगाया। अमर उजाला के शब्द हैं- देश को विकसित बनाने का सपना साकार करेगी युवा शक्ति।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर पटेल चौक स्थित लौह सरदार पटेल की प्रतिमा पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सहित कई नेताओं द्वारा श्रद्धाजंलि देने का समाचार, जहां एक तरफ अख़बारों की सुर्खियां बना, वहीं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा उनकी समाधि पर श्रद्धाजंलि देने का समाचार भी अख़बारों ने सचित्र प्रकाशित किया है।
देश के अधिकांश हिस्से नवम्बर में रहेंगे गरम, चालू माह में सामान्य बारिश की सम्भावना- जनसत्ता की ख़बर है। नवभारत टाइम्स लिखता है- प्रदूषण का सीधा असर फेफडों और आंखों पर स्कूलों का समय बदलने की मांग। देशबंधु ने सुर्खी दी है- मौसम विभाग ने बताया नवम्बर में नही सताएगी गर्मी।
सड़क दुर्घटनाओं में सत्तर फीसदी से ज्यादा मौतों की वजह हाई स्पीड, हर घंटे 19 की जान गई- नवभारत टाइम्स ने सावधानी जरूरी शीर्षक से यह ख़बर प्रकाशित की है। दैनिक जागरण लिखता है- हेलमेट और सीट बेल्ट की अनदेखी पड़ रही लोगों की जान पर भारी, सड़़क परिहवन मंत्रालय की रिपोर्ट। अमर उजाला की सुर्खी है- पिछले वर्ष की तुलना में बारह फीसदी बढ़े हादसे, रफ्तार के रोमांच में जान गंवा रहे युवा।
भारत में 45 वर्ष से ऊपर के बीस प्रतिशत लोग खुद को अकेला महसूस कर रहे हैं, 142 देशों में किया गया सर्वेक्षण- दैनिक भास्कर की सुर्खी है।