मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी रहने का पूर्वानुमान लगाया है। विभाग ने कल तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और विदर्भ में लू चलने की संभावना व्यक्त की है।
विभाग ने आंध्र प्रदेश, केरल, माहे और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरे मौसम का अनुमान लगाया है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में आज रात गर्म मौसम रहने की संभावना है।
विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भी ऐसी ही स्थिति की संभावना है।

