तालिबान की पकड़ मजबूत होने के कारण अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया धीमी हो जाएगी: अमेरिका

अमेरिका ने कहा है कि तालिबान की पकड़ मजबूत होने के कारण अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया धीमी हो जाएगी। अमेरिकी रक्षा विभाग के प्रवक्ता जॉन किरबी ने कल यह बात कही। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि सैनिकों की सितम्बर तक पूर्ण वापसी पर राष्ट्रपति जो बाइडेन की समय सीमा यथावत है लेकिन इसे मौजूदा स्थिति के आधार पर परिवर्तित किया जा सकता है।

अफगानिस्तान में स्थिति बदल रही है क्योंकि तालिबान, जिला केन्द्रों में हमले, छापेमारी और हिंसा जारी रखे हुए है। प्रवक्ता ने कहा कि पेन्टागन इस स्थिति पर निरंतर नजर रख रहा है।

अमेरिकी रक्षा विभाग पेन्टागन के अधिकारियों ने पिछले सप्ताह कहा था कि लगभग दो दशक तक अफगानिस्तान में अलकायदा के साथ लड़ाई और तालिबान से संघर्ष में सरकार की सहायता करने के बाद अप्रैल में राष्ट्रपति के आदेश के अनुसार अमेरिका सैनिकों की वापसी की लगभग आधी प्रक्रिया संपन्न हो गई है।

राष्ट्रपति के आदेश के समय अफगानिस्तान में करीब ढाई हजार अमेरिकी सैनिक और 16 हजार कॉनट्रेक्टर मौजूद थे, जिनमें से ज्यादातर अमेरिकी नागरिक थे।

Related posts

Leave a Comment