अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन आज नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर से बातचीत करेंगे। दोनों पक्ष भारत अमेरिका द्विपक्षीय सम्बंधों और इसे मजबूत करने के उपायों की समीक्षा करेंगे। बातचीत में कोविड महामारी से उबरने, हिन्द-प्रशांत क्षेत्र, अफगानिस्तान और संयुक्त राष्ट्र में सहयोग सहित परस्पर हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
एंटनी ब्लिंकेन दो दिन की भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे। अमेरिका के विदेश मंत्री का पद सम्भालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मिलेंगे। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से भी उनकी मुलाकात होगी।
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की यह यात्रा भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने का एक अवसर है। व्यापार और निवेश बढ़ाने, स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल क्षेत्र, नवाचार और सुरक्षा क्षेत्र में सहयोग अवसरों की पहचान करना आज की वार्ता के मुख्य बिंदु होंगे। इस यात्रा को रक्षा क्षेत्र में दोनों पक्षों के सहयोग को और मजबूत करने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है। इसमें नीतिगत विनिमय, युद्धाभ्यास और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण शामिल होंगे। इन्हें इस साल के अंत में अमेरिका में होने वाली टू प्लस टू मंत्रिस्तरीय वार्ता में व्यापक रूप से सम्मिलित किया जाएगा। वार्ता में कोविड महामारी से उबरने के उपायों पर भी चर्चा होगी।