केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने पूर्वोत्तर राज्यों में स्वास्थ्य सम्बंधी बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 13 अरब रुपए से अधिक के पैकेज की घोषणा की है। उन्होंने आज कोविड महामारी और टीकाकरण पर गुवाहाटी में पूर्वोत्तर के सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के बाद मनसुख मांडविया ने संवाददाताओं से कहा कि केन्द्र सरकार जिलास्तर पर स्वास्थ्य सम्बंधी बुनियादी ढांचे के विकास के लिए यह सहायता उपलब्ध करा रही है ताकि जनसंख्या अनुपात के अनुसार महामारी से निपटा जा सके। उन्होंने बताया कि केन्द्र पूर्वोत्तर राज्यों की सरकारों की इच्छा के अनुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहा है।
मनसुख मांडविया ने पूर्वोत्तर राज्यों में आक्रामक टीकाकरण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में टीकों की कमी नहीं होने दी जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर के सभी राज्य कोविड महामारी का अत्यधिक प्रभावशाली ढांच से प्रबंधन कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के सभी राज्यों को केन्द्र की तरफ से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
असम, मिजोरम, नगालैंड और सिक्किम के स्वास्थ्य मंत्री तथा मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
