जम्मू-कश्मीर में आज सुबह पुलवामा जिले में अज्ञात आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा है कि यह मुठभेड़ दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में दाचीगाम जंगलों के नामीबियां और मार्सर के बीच हुई।
इस बीच, केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए ने 27 जून को पांच किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद किये जाने और लश्करे मुस्तफा के शीर्ष कमांडर हिदायतुल्लाह मलिक की गिरफ्तारी से जुड़े मामलों में आज 14 जगहों पर छापे मारे। 27 जून को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जम्मू के नरवाल क्षेत्र से दो लोगों को बारूदी सामग्री के साथ गिरफ्तार किया था। गृह मंत्रालय ने कुछ दिन पहले इस मामले की जांच एनआईए को सौंपी थी।