अफगानिस्तान में हिंसा में तुरंत कमी लाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को स्थायी और व्यापक संघर्ष विराम के लिए दबाव बनाना चाहिए: ड़ॉ एस जयशंकर

विदेश मंत्री ड़ॉक्टर एस जयशंकर ने आज कहा कि अफगानिस्तान में हिंसा में तुरंत कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को स्थायी और व्यापक संघर्ष विराम के लिए दबाव बनाना चाहिए। अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बहस के दौरान डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि अफगानिस्तान में हिंसा में कमी लाने के लिए अफगान वार्ता सफल नहीं रही। उन्होंने कहा कि देश में टिकाऊ शांति के लिए अफगानिस्तान के अंदर और आस-पास के क्षेत्र में शांति कायम करने की आवश्यकता है।

डॉक्टर जयशंकर ने समावेशी, अफगान के नेतृत्व में, अफगान के स्वामित्व में और अफगान नियंत्रित शांति प्रक्रिया के लिए भारत का समर्थन दोहराया। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में किसी भी राजनीतिक शासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पिछले दो दशकों में हासिल उपलब्धियों को कायम रखा जाए और उन्हें कोई नुकसान न पहुंचे। डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि अफगानिस्तान में शांति के लिए आतंकवादियों की सुरक्षित पनाहगाह और ठिकानों को तुरंत नष्ट किया जाना चाहिए और उन्हें समर्थन देना बंद करना चाहिए।

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत अफगानिस्तान के बदलाव के दौर में समर्थन जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 34 प्रांतों में 550 से अधिक सामुदायिक विकास परियोजनाओं का उद्देश्य अफगानिस्तान को स्वावलंबी राष्ट्र बनाना है।

Related posts

Leave a Comment