देश में नई चीनी मिलों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने चीनी उद्योग को लाइसेंस मुक्त कर दिया है। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में बताया कि अतिरिक्त चीनी की समस्या से निपटने के लिए एक दीर्घकालिक उपाय के रूप में सरकार चीनी मिलों को अतिरिक्त गन्ने को इथेनॉल में बदलने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इथेनॉल का इस्तेमाल पेट्रोल के साथ किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह न केवल हरित ईंधन के रूप में कार्य करता है बल्कि कच्चे तेल के आयात पर होने वाली विदेशी मुद्रा की बचत भी करता है। पीयूष गोयल ने सदन को बताया कि पिछले तीन चीनी मौसम 2017-18, 2018-19 और 2019-20 के दौरान चीनी मिलों और डिस्टिलरी द्वारा तेल विपणन कंपनियों को इथेनॉल की बिक्री से लगभग 22 हजार करोड़ रुपये की कमाई हुई। उन्होंने कहा कि अक्टूबर से सितंबर के दौरान देश में चीनी का उत्पादन लगभग 330 लाख मीट्रिक टन रहता है, जबकि घरेलू खपत 260 लाख मीट्रिक टन की है।
चीनी मिलों और डिस्टिलरी द्वारा तेल विपणन कंपनियों को इथेनॉल की बिक्री से लगभग 22 हजार करोड़ रुपये की कमाई: पीयूष गोयल