मध्य प्रदेश के बाढ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उत्तरी मध्य प्रदेश में तेज वर्षा से उत्पन्न बाढ की स्थिति की निरंतर समीक्षा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने ग्वालियर और चंबल संभाग का हवाई दौरा कर बाढ प्रभावित गांवों की स्थिति की भी समीक्षा की।
जिला प्रशासन, पुलिस, सेना, सीमा सुरक्षा बल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड और वायुसेना की मदद से संयुक्त रूप से बचाव और राहत अभियान चलाया जा रहा है। बाढ़ से ग्वालियर और चंबल संभाग के करीब 1200 गांव प्रभावित हुए हैं। अब तक 6000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। राहत शिविरों में लोगों के लिए पर्याप्त भोजन, पानी और आवास की व्यवस्था की जा रही है।