रिजर्व बैंक ने आरबीआई रिटेल डायरेक्ट सुविधा शुरू करने की घोषणा की है। इसके माध्यम से कोई निवेशक एक ही स्थान पर सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश संबंधी सभी कार्य सुचारू रूप से कर सकता है। इसके अंतर्गत खुदरा निवेशक भी अब रिज़र्व बैंक में रिटेल डायरेक्ट गिल्ट यानी आरडीजी खाता खोल सकते हैं।
रिजर्व बैंक ने कहा है कि सरकारी प्रतिभूतियों में खुदरा भागीदारी बढ़ाने के जारी प्रयासों के तहत रिज़र्व बैंक ने इस वर्ष के शुरू में आरबीआई रिटेल डायरेक्ट सुविधा की घोषणा की थी।
पैन कार्ड, वैध केवाईसी दस्तावेज, ईमेल आईडी और पंजीकृत मोबाइल नंबर के साथ बचत खाताधारक यह खाता खोल सकते हैं। विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम के तहत सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश के पात्र अनिवासी खुदरा निवेशक भी इस योजना में शामिल हो सकते हैं। RDG खाता एकल या संयुक्त रूप से आवश्यक मानदंडों को पूरा करने वाले अन्य खुदरा निवेशक के साथ खोला जा सकता है। रिज़र्व बैंक ने कहा है योजना आरंभ होने की तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
