पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान आज समाप्त हो गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार शाम 6 बजे तक 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। पहले चरण में राज्य के 16 जिलों के 152 निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 3 करोड़ 60 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महिला मतदाताओं ने बडी संख्या में मतदान में भाग लिया। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की उपस्थिति भी अच्छी रही। गांवों से लेकर शहरों तक, मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया।
मुर्शिदाबाद, आसनसोल और बीरभूम सहित कई क्षेत्रों से हिंसा की छिटपुट घटनाओं की खबरें मिली। कुछ जगह डराने-धमकाने और ईवीएम में खराबी की शिकायतें भी सामने आईं हैं। इन सबके बावजूद कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्ण रहा।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए बडी संख्या में केंद्रीय बलों को तैनात किया गया था। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था और हवाई दस्तों की निगरानी की व्यवस्था की गई थी।

