राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए ने एंटिलिया सुरक्षा और मनसुख हिरेन हत्या मामले की जांच के सिलसिले में मुम्बई पुलिस के पूर्व अधिकारी प्रदीप शर्मा को आज सवेरे गिरफ्तार किया। प्रदीप शर्मा के आवास की सघन तलाशी ली जा रही है। प्रदीप शर्मा मुम्बई पुलिस में एनकाउंटर विशेषज्ञ माने जाते थे और सचिन वाजे उन्हें अपना संरक्षक मानते थे।
एनआईए ने प्रदीप शर्मा को कई बार पूछताछ के लिए बुलाया था। प्रदीप शर्मा ने मुम्बई से सटे नालासोपारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से शिवसेना के टिकट पर चुनाव लड़ा था। एनआईए ने कल इस मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। ये दोनों 21 जून तक जांच एजेंसी की हिरासत में हैं।
संभावना है कि जांच एजेंसी प्रदीप शर्मा और इन दोनों आरोपियों को आमने-सामने कराए। माना जाता है कि प्रदीप शर्मा, सचिन वाजे और विनायक शिंदे के घनिष्ठ संबंध हैं और जांच एजेंसी इनके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।