राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने इस वर्ष 17 जून को बिहार के दरभंगा रेलवे स्टेशन पर बम विस्फोट के सिलसिले में लश्कर-ए-तैयबा के पांच आंतकियों के खिलाफ पटना की विशेष अदालत में आरोप-पत्र दायर किए हैं। कम तीव्रता का यह विस्फोट कपड़े के बंडल वाली एक पार्सल में हुआ था। पार्सल की बुकिंग सिकंदराबाद-दरभंगा एक्सप्रेस के लिए की गई थी। यह विस्फोट दरभंगा रेलवे स्टेशन पर पार्सल उतारने के बाद हुआ।
इस मामले में मोहम्मद नसीर खान और उसके भाई इमरान मलिक, सलीम अहमद, कफील अहमद और इकबाल काना को अभियुक्त बनाया गया है। मोहम्मद नसीर खान और इमरान मलिक उत्तर प्रदेश के शामली के कैराना से हैं और हैदराबाद में रह रहे थे। सलीम और कफील अहमद भी कैराना से है। इकबाल काना भी शामली का है और लाहौर से सक्रिय रहा है।
एन.आई.ए. की जांच में पता चला है कि लश्कर-ए-तैयबा के इन आतंकियों ने लम्बी दूरी की चलती रेलगाड़ी में विस्फोट की योजना बनाई थी ताकि अधिक संख्या में लोग मारे जाएं और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान हो।