देश में अब तक 47 करोड़ से अधिक कोविड रोधी टीके लगाये जा चुके हैं। अब तक कुल 47 करोड़ 02 लाख 98 हजार 596 टीके लगाये गये। व्यापक टीकाकरण का नया चरण 21 जून से शुरू हुआ था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कल 53 लाख 72 हजार से ज्यादा टीके लगाये गये। इनमें 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के 27 लाख 90 हजार लोगों को पहला टीका और 4 लाख 98 हजार को दूसरा टीका लगाया गया है। टीकाकरण के तीसरे चरण में अब तक पूरे देश में 18 से 44 साल के 15 करोड़ 52 लाख से ज्यादा लोगों को पहला टीका और 85 लाख 77 हजार लोगों को दूसरा टीका लगाया जा चुका है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि पांच राज्यों – मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में इस आय़ुवर्ग के एक करोड़ से अधिक लोगों को टीके लगा दिए गए हैं जबकि आंध्र प्रदेश,असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, ओडिसा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में दस लाख से अधिक लोगों को पहली डोज लगायी गई है।
