लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि संसद के दोनों सदनों का मॉनसून सत्र इस महीने की 19 तारीख से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि राज्यसभा और लोकसभा का सत्र अगले महीने की 13 तारीख तक चलेगा। आज नई दिल्ली में उन्होंने कहा कि आने वाले सत्र में 19 बैठकें होंगी। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान दोनों सदनों की बैठक सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक होगी।
कोविड महामारी की दूसरी लहर के बीच लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि बैठक के दौरान कोविड अनुरूप व्यवहार का कडाई से पालन किया जायेगा। उन्होंने सभी पार्टी के सदस्यों से संसद को निर्बाध रूप से चलाने के लिए समर्थन मांगा है। ओम बिरला ने सभी सदस्यों से चर्चा में भाग लेने की अपील की।
हमारी कोशिश है सदन में व्यापक चर्चा हो, विचार विमर्श हो, तर्क हो ताकि हम सदन के माध्यम से देश की जनता का अधिकतम कल्याण कर सकें। उनके मूल मुद्दों का समाधान कर सकें।