विदेश मंत्रालय ने कहा – कंधार में भारत का महावाणिज्य दूतावास कार्यरत, भीषण संघर्ष के कारण भारतीय कर्मियों को कुछ समय के लिए वहां से बुला लिया गया है

विदेश मंत्रालय ने कहा कि अफगानिस्‍तान में कंधार स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास को बंद नहीं किया गया है। हालांकि, वहां कार्यरत भारतीय कर्मियों को कंधार के आसपास जारी भीषण संघर्ष को देखते हुए कुछ समय के लिए स्‍वदेश बुला लिया गया है। मंत्रालय के प्रवक्‍ता अरिंदम बागची ने बताया कि भारत, अफगानिस्‍तान की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और भारतीय कर्मियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्‍च प्राथमिकता है। अरिंदम बागची ने कहा कि सरकार ने मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया है और स्‍थानीय कर्मियों के माध्‍यम से वाणिज्‍य दूतावास का काम अब भी चल रहा है।

काबुल में भारतीय दूतावास के माध्‍यम से वीजा उपलब्‍ध कराने और काउंसलर सेवाएं प्रदान करने के प्रबंध किए जा रहे हैं। प्रवक्‍ता ने कहा कि अफगानिस्‍तान की शांति, संप्रभुता और लोकतांत्रिक मूल्‍यों की रक्षा के लिए भारत प्रतिबद्ध है।

Related posts

Leave a Comment