कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा है कि देशभर में दस हजार कृषक उत्पादक संगठन- एफ पी ओ बनाये जाएंगे। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे केन्द्र से वित्तीय, लॉजिस्टिक और विपणन लाभ प्राप्त करने के लिए एफ पी ओ बनायें। लद्दाख की दो दिन की यात्रा के दौरान श्री चौधरी ने लद्दाख में जांसकर और लेह के प्रगतिशील किसानों के साथ बातचीत की।
कृषि एवं किसान कल्याण उप मंत्री कैलाश चौधरी ने लद्दाख का चक्रवाती दौरा किया और लद्दाख के प्रगतिशील किसानों के साथ बातचीत की। इस दौरान कैलाश चौधरी ने कहा कि एफपीओ किसानों को उनकी आय को दोगुना करने और आसानी से बाजार में लाने के लिए उनकी उपज के प्रसंस्करण में सहायता करेंगे।
एफपीओ को केंद्र के समर्थन के बारे में बताते हुए कैलाश चौधरी ने कहा -लद्दाख के लिए मोदी जी की सरकार लगातार किसानों के हित की निर्णय करती जा रही है। और इसके अंदर किसानों के लिए बजट काफी बढ़ाया गया है। और जो सम्मान निधि का पैसा है, वह भी किसान को पहुंच रहा है। और इसके साथ ही यहां पर आने वाले समय के अंदर के किसानों के लिए याक का एक रिजनल यूजर सेंटर भी स्थापित किया जायेगा। प्रधानमंत्री जी का लक्ष्य है कि इन्कम डबल करना है तो इसके लिए एफपीओ भी बनाया जायेगा। दस हजार एफपीओ जो बनने जा रहे हैं देश भर में, उसमें लद्दाख के अंदर भी प्रत्येक ब्लॉक के अंदर एक हार्बर प्रोड्यूसर ऑर्गेनिक सिस्टम बनेगा और जिससे कि किसान अपनी खुद की प्रोसेसिंग यूनिट लगायेगा, खुद अपनी पैकेजिंग करेगा, खुद रेट तय करेगा और देश के ही नहीं विदेश के अंदर अपनी ऑर्गेनिक उत्पादन को बेचकर अपने आप को आत्मनिर्भर कर पायेगा।
इस अवसर पर लद्दाख के सांसद जमयांग त्सेरिंग नामग्याल, यूटी कृषि सचिव रविंदर कुमार और आईसीएआर काजरी के निदेशक डॉ. ओपी यादव भी उपस्थित थे।