वर्ष के दूसरे ग्रैंड स्लैम विम्बलडन टेनिस में भारत की सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना की जोड़ी मिक्स्ड डबल्स के तीसरे दौर में पहुंच गई है। अगले दौर में भारतीय जोड़ी का मुकाबला जीन-जूलियन रोजर और आंद्रिया क्लेपक की जोड़ी से होगा। भारत के दिविज शरण और उनकी ब्रिटिश पत्नी सामंथा मरे शरण की जोड़ी को दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले महिला डबल्स में सानिया मिर्जा और अमरीका की बेथानी माटेक सैन्डस की जोड़ी प्रतियोगिता से बाहर हो गई।
पुरूष सिंगल्स में स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर प्री क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने तीसरे दौर में ब्रिटेन के कैमरून नौरी को हराया। जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव और इटली के मैटियो बैरिटिनी भी अंतिम 16 में पहुंच गए हैं।
महिला सिंगल्स में शीर्ष वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रेलिया की एश्ली बॉर्टी प्री क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने तीसरे दौर में चेक गणराज्य की कैटरीना सीनियाकोवा को हराया।