जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों ने अनंतनाग कस्बे में कल भारतीय जनता पार्टी के एक सरपंच और उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। सरकारी सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों ने अनंतनाग कस्बे के लाल चौक इलाके में भाजपा सरपंच गुलाम रसूल डार के घर में घुसकर उन पर और उनकी पत्नी पर अंधाधुंध गोलियां चलाई। डार और उनकी पत्नी को गंभीर अवस्था में अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया लेकिन तब तक वे दम तोड़ चुके थे। यह दम्पत्ति कुलगाम जिले के रेडवानी गांव के निवासी थे और अनंतनाग में किराये पर रहते थे। पुलिस और सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और हमलावरों को पकडने का बडा अभियान शुरू किया है।
इस बीच, जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस जघन्य आतंकी हमले की कडी निंदा की है। उन्होंने कहा कि सरपंच और उनकी पत्नी की हत्या की कायराना कार्रवाई करने वालों पर बहुत जल्दी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने मृतक दंपत्ति के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।