हिमाचल प्रदेश सरकार ने कांगडा जिले के धर्मशाला में भारी बारिश के कारण आई बाढ के कारण सभी विभागों सतर्क कर दिया है। कल भारी बारिश के कारण बाढ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे सार्वजनिक सम्पत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है। धर्मशाला स्थित मैक्लोडगंज के नजदीक पर्यटन स्थल भाग्सू में बाढ से सार्वजनिक सम्पत्तियों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। हालांकि किसी जनहानि की खबर नहीं है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बाढ से हुए नुकसान पर चिंता जाहिर की है और उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न जिलों में तेजी से राहत कार्य चलाए जाने का निर्देश दिया है।
धर्मशाला में बारिश की वजह से कई दुकानें और मकान क्षतिग्रस्त हुए। PWD के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सुशील धडवाल ने बताया, “कल की स्थिति का जायज़ा लेने आज हम चैत्रु रोड पर आए हैं। यहां पर सबसे ज़्यादा नुकसान हुआ है। ट्रैफिक के लिए सभी सड़कों को हमने खोल दिया है।”