स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को अस्पतालों में ऑक्सीजन की मांग पूरी करने के लिए पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित करने और ऑक्सीजन की मांग के अनुरूप मानदण्डों की जांच करने को कहा है। राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को लिखे पत्र में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा है कि केन्द्र सरकार एक हजार 452 पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य और केन्द्र शासित प्रदेश भी अपने संसाधनों से ऑक्सीजन संयंत्र लगाएं। ऑक्सीजन आपूर्ति के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे संयंत्र बहुत महत्वपूर्ण हैं।
सरकार ने 30 से अधिक बिस्तरों वाली स्वास्थ्य सुविधाओं में पीएसए संयंत्रों और तरल चिकित्सा ऑक्सीजन भंडारण टैंकों की स्थापना के मुद्दे की जांच की है और सांकेतिक मानदंड विकसित किए हैं। ये मानदंड राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं में जरूरी आवश्यकताओं का आकलन करने में उपयोगी साबित होंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि पीएसए संयंत्र पूर्वोत्तर राज्यों सहित सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की स्वास्थ्य सुविधाओं में मुख्य आधार होने चाहिए। अन्य राज्यों में, पीएसए संयंत्रों को उन स्वास्थ्य सुविधाओं में प्राथमिकता दी जा सकती है जिनमें 30 से 120 बिस्तरों की बिस्तर क्षमता है। मंत्रालय ने कहा है कि 120 बिस्तरों से अधिक क्षमता वाले बड़े अस्पतालों के लिए कम से कम एक पीएसए संयंत्र के साथ भंडारण टैंकों की स्थापना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।