विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर ने आज ग्रीस के प्रधानमंत्री कीरियाकोस मित्सोताकिस और विदेशमंत्री निकोस डेनडियास से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने आपसी संबंधों को और मजबूत करने के बारे में विचारों का आदान प्रदान किया जो तेजी से प्रगाढ़ और विस्तृत हो रहे हैं। उन्होंने अनेक क्षेत्रों में सहयोग जारी रहने पर संतोष प्रकट किया। इनमें व्यापार और निवेश, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, संस्कृति, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क के क्षेत्र शामिल हैं।
भारत और ग्रीस इन क्षेत्रों में सहयोग और बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करने पर सहमत हुए हैं। विदेश मंत्रालयों के बीच अगले दौर के विचार-विमर्श और संयुक्त व्यापार समिति की शीघ्र ही वार्ता पर भी सहमति हुई। दोनों देश सामरिक भागीदारी स्थापित करने की दिशा में कार्य करने पर भी सहमत हुए। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र सहित नई भौगोलिक-राजनीतिक और आर्थिक वास्तविकताओं के संदर्भ में आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने स्वतंत्र, उदार और समावेशी दृष्टिकोण तथा संपर्क और आर्थिक वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग पर भी संतोष व्यक्त किया।
ग्रीस के विदेश मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय सौर गठजोड़ संबंधी समझौते पर हस्ताक्षर किए और उसे विदेश मंत्री एस.जयशंकर को सौंपा। डॉक्टर जयशंकर ने अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन में ग्रीस के प्रवेश का स्वागत किया। दोनों देश इस बात पर भी सहमत हुए कि अक्षय ऊर्जा को ऊर्जा आपूर्ति का महत्वपूर्ण अंग बनाने के लिए संबंधित सरकारों के ऊर्जा लक्ष्य हासिल करने के लिए दोनों देश एक-दूसरे की सहायता करेंगे। उन्होंने व्यवस्थित और कानूनी तरीके से लोगों के आवागमन के महत्व पर बल देते हुए प्रवासन संबंधी समझौते के लिए कार्य करने पर भी सहमति व्यक्त की।
डॉक्टर जयशंकर ने एथेंस में महात्मा गांधी की प्रतिमा का भी अनावरण किया। यह प्रतिमा दोनों देशों के बीच मैत्री के मजबूत प्रतीक के रूप में कार्य करेगी।
