प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज सुबह महा विकास अघाड़ी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी- एनसीपी नेता हसन मुर्शिफ के आवास पर छापा मारा। प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी आज सुबह लगभग सात बजे कोल्हापुर जिले के कागल में मुर्शिफ के आवास पहुंचे। यह कार्रवाई पिछले डेढ़ माह में दूसरी बार हुई है। उनसे सर सेनापति संताजी घोरपड़े फैक्ट्री से 40 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी के मामले में पूछताछ जारी है। इस बीच, बंबई उच्च न्यायालय ने कल इस बात की जांच का आदेश दिया कि कैसे भाजपा नेता किरीट सोमैया ने एक मामले में मजिस्ट्रेट द्वारा पारित आदेश की प्रति प्राप्त की, जिसमें महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री हसन मुर्शिफ भी आरोपी थे।
न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति शर्मिला देशमुख की खंडपीठ ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है। कोई व्यक्ति जो कार्यवाही में पक्षकार नहीं है, उसे प्रमाणित प्रति के लिए आवेदन किए बिना, न्यायिकआदेश की प्रति कैसे मिल गई। उच्च न्यायालय, मुर्शिफ द्वारा दायर एक याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें कथित धोखाधड़ी के लिए कोल्हापुर में दर्ज प्राथमिकी रिपोर्ट को रद्द करने की मांग की थी। भारतीय जनता पार्टी के नेता किरीट सोमैया ने मुर्शिफ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।