सेवानिवृत्त न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में परिसीमन आयोग कल से केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का दौरा करेगा। यह दल दक्षिणी कश्मीर में पहलगाम सहित चार स्थानों पर जिला निर्वाचन अधिकारियों, उपायुक्तों और राजनीतिक दलों के साथ बातचीत करेगा।
परिसीमन आयोग, जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम 2019 के तहत चल रही परिसीमन की प्रक्रिया के बारे में सूचनाएं और जानकारियां एकत्रित करने का काम करेगा। केन्द्र शासित प्रदेश के चार दिन के दौरे के दौरान परिसीमन आयोग सात जुलाई को अनन्तनाग, कुलगाम, पुलवामा और शोपियां जिले के निर्वाचन अधिकारियों के साथ बातचीत करेगा।
पिछले वर्ष मार्च में परिसीमन आयोग का गठन किया गया था और कोविड महामारी के कारण मार्च 2021 में इसका कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढाया गया है।
