केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने जीवन को खतरे में डालने और विदेश से लौट रहे साथी भारतीयों की देखभाल करने के लिए कोरोना महामारी के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के योगदान की सराहना की है।
गाजियाबाद में बल के 53वें स्थापना दिवस समारोह में अमित शाह ने कहा कि इनकी सेवा के बिना 2.5 ट्रिलियन डॉलर की देश की अर्थव्यवस्था संभव नहीं होती।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को दुनिया का एकमात्र बहु-कौशल औद्योगिक सुरक्षा बल बताते हुए गृह मंत्री ने वृक्षारोपण अभियान में इसकी भूमिका की भी सराहना की।
गृह मंत्री ने बल के कर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक से भी सम्मानित किया।
बल के महानिदेशक शीलवर्धन सिंह ने इस अवसर पर कहा कि अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा केंद्रों, बंदरगाहों, हवाई अड्डों और मेट्रो रेल की सुरक्षा में सबसे आगे रहकर यह बल देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।