केन्द्र ने सात राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से कोरोना के डेल्टा प्लस वैरियंट की रोकथाम के उपाय तेज़ करने को कहा

केन्द्र ने सात राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर को कोरोना के डेल्टा प्लस वैरियंट की रोकथाम के उपायों को तेज़ करने को कहा है। केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ सचिव राजेश भूषण ने इस संबंध में तमिलनाडु, गुजरात, आंध्र प्रदेश, राजस्‍थान, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के मुख्‍य सचिवों को वायरस की रोकथाम के उपायों को तेज़ी से अपनाने के लिए लिखा है। मुख्‍य सचिवों से कहा गया है कि प्रभावित जिलों और समुदाय समूहों में इस संक्रमण को रोकने के तत्‍काल उपाय किए जाएं। साथ ही लोगों के एक स्‍थान पर जमा होने और आपस में मिलने-जुलने को नियंत्रित किया जाये तथा व्‍यापक परीक्षण, सम्‍पर्क का तुरन्‍त पता लगाने और टीकाकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाये। केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ सचिव ने राज्‍यों के मुख्‍य सचिवों से कहा है कि डेल्‍टा प्‍लस वैरियंट से संक्रमित लोगों के सैम्‍पल निर्धारित प्रयोगशाला तक तुरन्‍त भेजे जाएं ताकि प्रभावी नैदानिक उपाय किए जा सकें।

राष्‍ट्रीय रोग नियंत्रण केन्‍द्र-एनसीडीसी के निदेशक सुजीत कुमार सिंह ने बताया है कि देशभर में कोविड-19 के डेल्‍टा प्‍लस वेरिएंट के अब तक 48 मामले सामने आए हैं। डॉक्‍टर सिंह ने बताया कि इस वेरिएंट की पुष्टि 45 हजार नमूनों की जांच के बाद की गई है। उन्‍होंने कहा कि डेल्‍टा प्‍लस वेरिऐंट, डेल्‍टा वेरिएंट का नया स्‍वरूप है। उन्‍होंने कहा कि डेल्‍टा प्‍लस के ज्‍यादा संक्रामक होने या गंभीर बीमारियों का कारण बनने की आशंका नहीं है।

Related posts

Leave a Comment