सीबीआई ने अंतरराष्ट्रीय संबंधों के साथ मादक पदार्थों का धंधा करने वाले नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए एक कई चरण वाले गरूड अभियान चलाया। सीबीआई इंटरपोल और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के साथ तालमेल कर विशेष रूप से हिंद महासागर क्षेत्र में विशेष अभियान चला रही है।
गरूड अभियान का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर मादक पदार्थों का धंधा करने वालों, उनके उत्पादन क्षेत्र और इस काम में मदद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना है।
अभियान के दौरान, देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में तलाशी, जब्ती और गिरफ्तारियां की गई हैं। इसके अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली और मणिपुर सहित केन्द्रशासित प्रदेश की पुलिस ने भी कार्रवाई की है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि इस विशेष अभियान के दौरान करीब 6,600 लोगों की जांच की गई और 127 नए मामले दर्ज किए गए। लगभग 175 लोगों को गिरफ्तार किया गया। लगभग 5 किलो हेरोइन, 33 किलो ग्राम गांजा, 3 किलो से अधिक चरस और कई मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।