अमेरिका के सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने पूर्व राष्‍ट्रपति बराक ओबामा के शासनकाल की स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल योजना को चुनौती देने वाली याचिका खारिज की

अमेरिका के सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने पूर्व राष्‍ट्रपति बराक ओबामा के शासनकाल की स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल योजना को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है। यह याचिका रिपब्लिकन पार्टी की सत्‍ता वाले राज्‍यों ने दायर की थी।

रिपब्लिकन पार्टी के प्रति नरम रवैये के बावजूद अदालत के नौ में से सात न्‍यायाधीशों का कहना था कि योजना को चुनौती देना कानूनी मापदंडों पर खरा नहीं है। 2010 के बाद तीसरी बार किफायती स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल कानून के खिलाफ दायर चुनौती अदालत से खारिज की गई है। ओबामा केयर के नाम से प्रचलित इस स्‍वास्‍थ्‍य योजना से कम आय वाले लाखों अमेरिका वासियों को स्‍वास्‍थ्‍य बीमा प्रदान किया गया है।

टेक्‍सास और रिपब्लिकन पार्टी के शासन वाले 17 अन्‍य प्रांतों ने इस कानून को रद्द करने की पूर्व राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप की मुहिम का समर्थन किया था। 2016 में राष्‍ट्रपति चुने जाने पर ट्रंप ने वादा किया था वे इस कानून को निरस्‍त करेंगे। रिपब्लिकन पार्टी ने संसद के दोनों सदनों में अपने बहुमत के बल पर कई बार इस कानून को खत्‍म करने की कोशिश की पर सफल नहीं हो पाई। अमेरिकी राष्‍ट्रपति भवन ने इस महीने की शुरूआत में कहा कि स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल कानून का लाभ रिकॉर्ड तीन करोड़ से अधिक अमरीकीवासियों को मिल रहा है।

Related posts

Leave a Comment