अफगानिस्तान में काबुल हवाई अड्डे के निकट आज एक बडा विस्फोट होने का समाचार है। दो दिन पहले आतंकवादी संगठन आईएसआईएस-के ने हवाई अड्डे के बाहर एक भीषण विस्फोट किया था जिसमें एक सौ से अधिक लोग मारे गए और कई घायल हुए थे। इनमें अमेरिकी, ब्रिटेन और अफगानिस्तान के नागरिक शामिल हैं।
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा था कि हामिद करजई हवाई अड्डे के भीतर 24 घंटे से 36 घंटे के बीच आतंकवादी हमले का सुराग मिला है। खबरों के अनुसार आज के विस्फोट की आवाज ग्यारहवें सुरक्षा जिले में काजे बघरा के गुलई क्षेत्र में सुनी गयी। अपुष्ट खबरों में दावा किया गया है कि क्षेत्र में एक मकान से एक रॉकेट टकराने के कारण यह विस्फोट हुआ।