लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्‍थगित, सदन में केवल 74 घंटे और 56 मिनट ही कामकाज हुआ

लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्‍थगित कर दी गई। इससे पहले लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिडला ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया। वे इससे पहले सांसद और केन्‍द्र में मंत्री रहे थे। सदन ने नित्‍यांनद मिश्रा, गोपालराव मायेकर और सुदर्शन रॉय चौधरी को भी श्रद्धांजली अर्पित की। अध्‍यक्ष ओम बिडला ने इस सत्र के दौरान लोकसभा में हुए कार्यों की जानकारी दी। सदन ने कल 127 वां संविधान संशोधन विधेयक सर्वसम्‍मति से पारित कर दिया।

लोकसभा अध्‍यक्ष ने दुख व्‍यक्‍त किया कि मानसून सत्र में सदन की कार्यवाही आशा के अनुरूप नहीं हुई

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिडला ने आज इस बात पर दुख व्‍यक्‍त किया कि संसद के मानसून सत्र में सदन की कार्यवाही आशा के अनुरूप नहीं हुई। लोकसभा के अनिश्चितकाल के लिए स्‍थगित होने के बाद ओम बिडला ने संवाददाताओं से कहा कि उन्‍होंने हमेशा यह प्रयास किया कि सदन में अधिक से अधिक कामकाज हो और जनता से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हो।

ओम बिडला ने कहा कि सदन में केवल 74 घंटे और 56 मिनट ही कामकाज हुआ। उन्‍होंने कहा कि कुल उत्‍पादकता दर 22 प्रतिशत रही और अन्‍य पिछड़ा वर्ग विधेयक सहित कुल 20 विधेयक पारित किये गए। अन्‍य पिछड़ा वर्ग से संबंधित विधेयक सभी दलों की सर्वसम्‍मति से पारित किये गए। ओम बिडला ने आशा प्रकट की कि सांसद सदन की प्रतिष्‍ठा बनाये रखेंगे। उन्‍होंने कहा कि सदन में बहस, सहमति और असहमति होती रही है लेकिन इसकी प्रतिष्‍ठा कभी कम नहीं हुई थी।

Related posts

Leave a Comment