पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने सीमा पार से पाकिस्तान समर्थित आतंकी गुटों के बढते खतरे को देखते हुए केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह से केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 25 कम्पनियां और सीमा सुरक्षा बल के लिए ड्रोन रोधी गेजेट्स तुरंत उपलब्ध कराने को कहा है।
राज्य में हाल ही में भारी मात्रा में हथियार, हथगोले और आईईडी मिलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी की आईएसआई की गतिविधियां बढी हैं। कैप्टन अमरिंदर ने गृहमंत्री को बैठक के दौरान बताया कि सुरक्षा स्थिति बहुत गंभीर है और केन्द्र के तुरंत हस्तक्षेप करने की जरूरत है।