विदेश मंत्रालय ने आज कहा कि देश में टीकाकरण अभियान तेज गति से चल रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि भारत देश में टीकों की उपलब्धता बढाने के लिए विदेशों से इनका आयात करने का भी प्रयास कर रहा है।
देश में बने कोविड टीके कोवैक्सीन को विश्व स्वास्थ्य संगठन से मंजूरी मिलने के सवाल पर अरिंदम बागची ने कहा कि कोवैक्सीन बनाने वाली कम्पनी भारत बायोटेक ने सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ इस महीने के शुरू में विश्व स्वास्थ्य संगठन में इसके लिए आवेदन कर दिया है।
यूरोपीय संघ द्वारा कोविशील्ड को मान्यता दिए जाने के सवाल पर अरिंदम बागची ने कहा कि संघ के आधे से ज्यादा सदस्य देश कोविशील्ड को मंजूरी दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारत कोविड के कारण अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं पर लगाए गए प्रतिबंधों में ढील के लिए भी कई देशों के साथ सम्पर्क में है।
अरिंदम बागची ने कहा कि कोविड के बाद के समय में अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए यह बहुत जरूरी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत के साथ ही कई और देश भी इस दिशा में प्रयास करेंगे।
