बिहार में आज से दसवीं कक्षा के ऊपर के सभी शिक्षण संस्थान खुल गये हैं। अभी पचास प्रतिशत छात्रों की उपस्थिति की अनुमति दी गयी है। तकनीकी और व्यावसायिक कॉलेजों सहित उच्च शिक्षा संस्थानों में पचास प्रतिशत छात्रों के साथ ऑफलाइन पढाई शुरू की गई है।
कोविड महामारी की दूसरी लहर के दौरान ऑफलाइन पढाई के लिए कक्षाएं 15 अप्रैल से स्थगित कर दी गई थी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि कोविड दिशा-निर्देशों के अनुसार क्लासरूम को सेनिटाइज करने, थर्मल स्कैनर और पीने के पानी की सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी।
50 फीसदी बच्चों को ही एक दिन के अंतराल पर स्कूल आने की अनुमति दी गई है। कोचिंग संस्थान फिलहाल बंद रहेंगे। वैसे शैक्षणिक संस्थान जहां छात्रों की संख्या अधिक है, उन्हें दो पालियों में संचालित करने का निर्देश दिया गया है। प्रैक्टिकल क्लास के लिए एक दिन में 50 फीसदी छात्रों को ही बुलाया जायेगा। संस्थानों को कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई के पालन करने का निर्देश दिया गया है। इस बीच, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि कोविड संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में रही तो दसवीं से नीचे कक्षाओं का भी शीघ्र संचालन शुरू किया जायेगा।
राज्य के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि कॉलेज परिसरों में कोविड से बचने के नियमों का पालन करने के निर्देश दिये गये हैं।
