उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने ब्लॉक प्रमुखों की कुल 825 सीटों में से 635 जीत ली हैं। 476 ब्लॉक प्रमुखों के चुनाव कल हुए थे, जबकि 349 ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। खबरों के अनुसार भाजपा ने लखनऊ और कन्नौज में आठ ब्लॉकों की सभी सीटें जीत ली हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तीन स्तरीय पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत से सरकार की सबका साथ सबका विकास नीति को समर्थन मिलता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री के सबका साथ सबका विकास मंत्र का पालन किया और बिना भेदभाव किए सभी के लिए काम किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को राज्य सरकार की योजनाओं का फायदा मिल रहा है और यह जीत सरकार की अच्छी नीतियों का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुखों के चुनावों में भाजपा की शानदार जीत कि लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट में कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से लोगों को बहुत फायदा हुआ है और पार्टी की शानदार जीत से इसका पता चलता है।