प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सरकार की योजनाएं तुष्टिकरण के लिए नही बल्कि वास्तविक सामाजिक न्याय के लिए है। प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में बेगूसराय के उलावं हवाई अड्डा मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस अपनी परिवार आधारित राजनीति को सही ठहराने के लिए सामाजिक न्याय के बारे में बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियां सामाजिक न्याय के नाम पर दलितों और पिछडे वर्ग का इस्तेमाल कर रही हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है तो यह वास्तविक संतुष्टि है। प्रधानमंत्री ने भारत रत्न जन नायक कर्पूरी ठाकुर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी परिवार आधारित राजनीति को प्रोत्साहन नही दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि बिहार में युवा परिवार आधारित राजनीति के कलंक का सामना कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्षो में उनकी सरकार ने गरीबों, महिलाओं और वंचित लोगों को सशक्त किया है।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने देशभर में पेट्रोलियम, गैस, उर्वरक, कनेक्टिीविटी और बुनियादी ढांचे से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें से 27 हजार करोड़ रूपये की परियोजनाएं बिहार से संबंधित हैं।
उन्होंने कहा कि इस निवेश से रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार के विकास कार्यो से लोगों का भरोसा बढा है इसलिए सम्पूर्ण देश कह रहा है कि चार सौ सीटों के साथ अगली बार एक बार फिर राष्ट्रीय गठबंधन सरकार आएगी। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने औरंगाबाद के रतुआ में भी एक जनसभा को संबोधित किया।