प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहली बार मताधिकार का उपयोग करने वाले मतदाताओं से लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड संख्या में वोट डालने की अपील की है। आज मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जितनी अधिक संख्या में युवाओं की मतदान प्रक्रिया में भागीदारी होगी, देश के लिए परिणाम उतने ही लाभकारी होंगे।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की अत्यंत प्रसन्नता है कि निर्वाचन आयोग ने मेरा पहला वोट देश के लिए अभियान शुरू किया है। इसके जरिए पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने का अनुरोध किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत को ऊर्जा और उत्साह से भरे अपने युवाओं पर गर्व है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष का होने पर इन युवाओं को 18वीं लोकसभा के लिए सदस्य चुनने का अवसर मिल रहा है। इसका अर्थ है कि 18वीं लोकसभा युवा आकांक्षाओं का प्रतीक बनेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युवाओं को केवल राजनीतिक गतिविधियों का ही हिस्सा नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें इस दौरान विचार-विमर्श और चर्चाओं के प्रति भी जागरूक होना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने खेल, साहित्य, फिल्म उद्योग और सोशल मीडिया सहित देश के प्रभावशाली लोगों से इस अभियान में शामिल होने और पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को प्रेरित करना का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में लोकसभा चुनाव का माहौल है। उन्होंने मार्च में आचार संहिता लागू हो जाने की संभावना का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम की अब तक की कड़ियों में केवल देश की सामूहिक शक्ति का उल्लेख हुआ है, जो बहुत बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम जनता का, जनता के लिए और जनता द्वारा तैयार कार्यक्रम है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए और इस दौरान राजनीतिक मर्यादा का पालन करते हुए मन की बात कार्यक्रम अगले तीन महीनों तक प्रसारित नहीं होगा। इसके बाद कार्यक्रम की एक सौ 11वीं कड़ी में श्रोताओं से बातचीत होगी।