राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने आतंकी फंडिंग मामले में प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी पर कार्रवाई के तहत आज जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर छापेमारी की।
एनआईए की टीमों ने राज्य में कई स्थानों पर विभिन्न संदिग्धों के परिसरों पर छापेमारी की। तलाशी अभियान के दौरान एनआईए ने जेईआई और उससे संबंधित ट्रस्टों की गतिविधियों से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी जब्त किए। टीम ने 20 लाख रुपये से अधिक की नकदी भी बरामद की।
एनआईए ने बताया है कि जमात-ए-इस्लामी और उसके सदस्यों ने फरवरी 2019 में गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत संगठन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भी जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी और अलगाववादी गतिविधियों को बढ़ावा देना जारी रखा है। प्रतिबंधित संगठन भारत और विदेशों से दान के माध्यम से धन एकत्र कर रहा था। एनआईए ने पहले इस मामले में 4 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था, जांच अभी जारी है।
