पूर्व उपप्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की घोषणा आज के लगभग सभी अखबारों ने सुर्खियों में दी गई है। दैनिक भास्कर के शब्द है-राजनीति के महारथी आडवाणी भारत के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित होने वाले 50वें व्यक्ति होंगे। हरिभूमि के शब्द है – शिखर पुरुष को शिखर सम्मान। शरद पवार ने कहा, भले ही देरी से मिला लेकिन सही फैसला। कांग्रेस प्रमुख खरगे ने घोषणा का स्वागत किया।
हरिभूमि ने लिखा है-नौसेना में शामिल हुआ अत्याधुनिक उपकरणों से लैस पोत आईएनएस संधायक, रक्षा मंत्री ने बताया कि महासागर में भारत कैसे मजबूत हो रहा है।
केन्द्रीय सूचना और प्रसारण सचिव अपूर्व चन्द्रा को स्वास्थ्य सचिव और संजय जाजू को सूचना और प्रसारण सचिव नियुक्त किए जाने की खबर राष्ट्रीय सहारा के पहले पन्ने पर है।
पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम दिखाएगा तेवर, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का असर, कहीं बारिश तो कहीं पड़ेगें ओले – लिखा है राजस्थान पत्रिका ने।
हरिभूमि की खबर है – एफिल टॉवर पर भारत का यूपीआई शुरू, प्रधानमंत्री मोदी ने खुशी जाहिर की। पेमेंट सिस्टम इस्तेमाल करने वाला फ्रांस बना पहला यूरोपीय देश।