राजौरी जिले के धर्मसाल बेल्ट के बाजीमाल क्षेत्र में जारी मुठभेड़ में सेना के दो कैप्टन सहित पांच जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी। इनमें कैप्टन एम वी प्रांजल, कैप्टन शुभम गुप्ता, हवलदार अब्दुल माजिद, लांसनायक संजय बिष्ट और पैराट्रूपर सचिन लॉर शामिल हैं।
सेना ने आज सुबह ताजा गोलीबारी में लश्कर-ए-तैयबा के दो उच्च प्रशिक्षित आतंकवादियों को मार गिराया। मारे गए आतंकवादियों में से एक की पहचान कारी के रूप में हुई है। वह पिछले एक साल से राजौरी-पुंछ क्षेत्र में सक्रिय था। इस आतंकवादी को डांगरी और कंडी हमलों का मुख्य साजिशकर्ता भी माना जाता है। रक्षा प्रवक्ता के अनुसार, कारी को इस क्षेत्र में आतंकी गतिविधियां बढ़ाने के लिए सीमा पार से भेजा गया था। मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।
गोलीबारी रात भर रूके रहने के बाद आज सुबह फिर शुरू हुई। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी की थी।